ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके में सोमवार को चलती कार में एक बैंककर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि कार चला रहे बैंककर्मी को अटैक आया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। बेकाबू कार ने सड़क पर चल रहे वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान करीब आधा दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में एक महिला समेत कुछ लोग घायल हुए हैं।

घटना यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर इलाके की है। कार चला रहे बैंककर्मी की पहचान गिर्राज बघेल के रूप में हुई है। वह सिटी सेंटर स्थित यूनियन बैंक की शाखा में कार्यरत हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। बैंककर्मी को गंभीर हालत में चिरायु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ब्रेकर से उछलने के बाद बेकाबू हुई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान सड़क पर बने ब्रेकर से उछलकर उसने एक वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर से वाहन चालक सड़क पर गिर गया और उसके हाथ में चोट आई। इसके बाद कार चालक ने वाहन मोड़ा और आगे बढ़ते हुए अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मार दी। देखते ही देखते कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।


हादसे में एक महिला को भी चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसे अन्य घायलों की तुलना में ज्यादा चोट लगी है। हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे में वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।

बेहोशी की हालत में नजर आ रहा था चालक

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय कार चालक बेहोशी की हालत में नजर आ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि, उसे किस तरह का अटैक आया और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। हादसे के कारण कुछ देर तक इलाके में यातायात प्रभावित रहा।