कोटा में शनिवार (14 नवंबर) को दूध डेयरी में आग लगने से युवक जिंदा जल गया था। हादसे का वीडियो सामने आया है। जिसमें आग लगने का कारण सिलेंडर से गैस लीकेज सामने आया है।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक के गैस चूल्हा (स्टोव) जलाते ही अचानक आग भभकी और वह लपटों में घिर गया। युवक खुद को बचाने के लिए पीछे हटा, लेकिन बाहर नहीं निकल पाया। गैस ऑन करने के बाद उसका हाथ पाइप से छू गया था। पाइप पहले से लूज था, जो खुल गया। गैस निकलने से आग और ज्यादा फैलती चली गई।

हादसा भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर गली में मधुर दूध डेयरी में हुआ था। आग में डेयरी में काम करने वाले लेखराज, पुत्र रामविलास भदाना की मौत हो गई थी। वहीं दुकान में मौजूद दो अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। हादसे के समय दुकान मालिक विनोद अग्रवाल बाजार गए हुए थे।


दम घुटने और झुलसने से हुई थी मौत

फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से पानी की बौछार कर आग को बुझाया गया था। इसके बाद भीमगंज मंडी थाना पुलिस दुकान के अंदर गई तो लेखराज अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। उसे एंबुलेंस से एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दम घुटने और बुरी तरह झुलसने से उसकी मौत हो गई थी।