यूपी में बारिश और पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से ठंड बढ़ गई है। सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। देवरिया, बस्ती और फतेहपुर में विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 20 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया।
इधर, दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद से नोएडा-गाजियाबाद समेत 30 से ज्यादा शहरों की हवा दूषित हो गई है। 10 शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 के पार रिकॉर्ड किया गया। सबसे बुरा हाल गाजियाबाद के लोनी (338) का रहा। नोएडा में हवा की क्वालिटी भी बेहद खराब स्तर तक पहुंच गई।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

पहाड़ों पर बर्फबारी से यूपी में ठंड बढ़ गई है। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। 18 नवंबर तक दिन और रात के तापमान में 3°C से 5°C तक की कमी आ सकती है। सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।
बलिया में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। भीषण ठंड का महसूस हुई। सड़कों पर सन्नाटा रहा।
बरेली में सुबह से घना कोहरा छाया है। सुबह 9 बजे तक धूप के दर्शन नहीं हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिन कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
प्रतापगढ़ में सोमवार सुबह आसमान में कोहरे की चादर छाई रही। अब सर्दी का असर धीरे धीरे बढ़ने लगा है। ग्रामीण क्षेत्र व हाइवे पर कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर पर पहुंच गई है। सुबह 8:15 बजे तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए।
सुल्तानपुर में सोमवार सुबह आसमान पर फिर धुंध छाई रही। ग्रामीण क्षेत्र व हाइवे पर कोहरे के कारण विजिबिल्टी 50 मीटर पर पहुंच गई। किसानों का कहना है कि मौसम के साथ प्रदूषण के चलते भी ऐसा हो रहा है। खासकर पराली जलाने से ये स्थिति बनी है। अभी कल तक जिले में सुबह में कोहरा रहने का अनुमान है।
प्रयागराज में मौसम अब धीरे-धीरे ठंडा होने लगा है। सुबह और शाम कोहरे का असर भी दिखाई दे रहा है। दिन में जहां धूप निकलने से मौसम सामान्य रहता है, वहीं रात को ओस और कोहरे के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
आजमगढ़ में घना कोहरा पड़ रहा है। 10 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। AQI 338 के पार रिकॉर्ड किया गया।
फतेहपुर में सोमवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। दृश्यता 25 से 30 मीटर रह गई। कोहरे के कारण ठंड बढ़ गई है। 7 बजे के बाद कोहरा कुछ कम हुआ।
बलिया में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता 10 मीटर रह गई। रविवार की अपेक्षा सोमवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया।
यूपी में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? पढ़िए
15 नवंबर: पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और घना कोहरा छा सकता है, जबकि पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं घना कोहरा रहने की संभावना है।
16 नवंबर: पश्चिमी और पूर्वी दोनों उत्तर प्रदेश के संभागों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
17 नवंबर: पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी है।
18 नवंबर: पश्चिमी और पूर्वी दोनों ही क्षेत्रों के संभागों में मौसम सामान्य रहेगा और कोई चेतावनी नहीं है।
19 नवंबर: मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) क्या है?
ये हवा की क्वालिटी को बताने वाला एक स्कोर है, जो यह समझने में मदद करता है कि हमारे आसपास की हवा साफ है या प्रदूषित। AQI में हवा में मौजूद प्रदूषकों का स्तर मापा जाता है। AQI जितना बढ़ता है, हवा उतनी ही ज्यादा खतरनाक मानी जाती है और हेल्थ रिस्क भी उतना ही बढ़ जाता है। नीचे दिए ग्राफिक से इसे समझिए-
खराब AQI हमारी सेहत को कैसे प्रभावित करता है?
जब AQI खराब होता है तो हवा में मौजूद PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषक हमारे फेफड़ों में गहराई तक पहुंच जाते हैं। ये कण खून के जरिए पूरे शरीर में फैलते हैं।
तुरंत से लेकर लंबे समय तक कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स पैदा कर सकते हैं। लगातार एक्सपोजर फेफड़ों की क्षमता कम करता है और क्रॉनिक बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है।