कोटा में बंदर के हमले में महिला की मौत हो गई। महिला छत पर कपड़े सुखाने गई थी, तभी बंदरों का झुंड पहुंचा और एक बंदर महिला के ऊपर कूदकर कंधे पर बैठ गया। पीठ और चेहरे पर पंजे मार दिए। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर वाले पहुंचे तो वह छत पर बेहोश पड़ी थी।

परिजन बंदरों को भगाकर विवाहिता रेनू भट्ट (28) पत्नी प्रदीप भट्ट को हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने रेनू को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने जांच के दौरान साइलेंट अटैक आने की बात बताई। महिला के 6 साल की बेटी है। मामला उद्योग नगर थाना क्षेत्र के जागाओं के मोहल्ले का रविवार दोपहर का है।

बंदर ने चेहरे-पीठ पर मारे थे पंजे

कंसुआ इलाके के जागाओं के मोहल्ले में रहने वाली रेनू भट्ट (28) रविवार दोपहर छत पर कपड़े सुखाने गई थी। अचानकर बंदरों की टोली आ गई। इनमें से एक बंदर ने उस पर हमला कर दिया। महिला ने बचाव के लिए लकड़ी उठाई लेकिन बंदर उसके कंधों पर चढ़ गया और चेहरे व पीठ पर पंजा मारने लगा। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी।

महिला के जेठ अर्जुन भट्ट ने बताया कि रेनू की चीख सुनकर हम लोग छत पर पहुंचे। रेनू जमीन पर गिरी हुई थी। उसके चेहरे और पीठ पर बंदरों के नाखूनों के निशान थे। हॉस्पिटल लेकर गए। तब तक उसकी मौत हो गई थी। जेठ ने बताया कि डॉक्टरों ने साइलेंट अटैक से मौत होना बताया है।


बंदरों के आतंक से लोग परेशान

घटना की सूचना पर कांग्रेस पार्षद विनोद कुमार भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि इलाके में बंदरों की समस्या को लेकर पहले भी शिकायत की जा चुकी है। अब इस मामले में नगर निगम महापौर को ज्ञापन देकर बंदरों को पकड़ने की मांग की जाएगी।

नगर निगम के हेल्थ ऑफिसर मोतीलाल ने बताया कि शहर के जिन इलाकों से भी शिकायत मिलती है, वहां पिंजरे लगवाए जाते हैं। कंसुआ इलाके में भी पिंजरे लगवाए थे लेकिन बंदर उसमें कैद नहीं हुए। अब वापस पिंजरे लगवाए जाएंगे।


जयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में हो चुके हादसे

जयपुर शहर के अलग-अलग इलाकों में भी बंदरों से लोग परेशान है। परकोटा, मानसरोवर समेत कई इलाकों में झुंड में बंदर आते है। चार महीने पहले रामगंज थाना क्षेत्र स्थित हीदा की मोरी के मंडी खटीकान इलाके में एक महिला सुशीला (42) पर बंदरों ने हमला कर दिया था, जिनकी मौत हो गई थी।

अलवर कोर्ट में दो महीने पहले बंदरों ने एक वकील के पैर और सिर पर काट लिया था। वकीलों का कहना था कि कोर्ट परिसर बड़ी संख्या में बंदर एकत्र हो जाते हैं।

कोटा के उम्मेदगंज इलाके एक बंदर ने 12 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की कंधे की हड्डी टूट गई थी।