तेहरान: होर्मुज स्ट्रेट को महीनों से बंद करने के बाद अब ईरान ने उत्तरी हिंद महासागर पर नियंत्रण करने का दावा किया है। ईरान की सेना ने कहा है कि उसकी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी हिस्से ले लेकर उत्तरी हिंद महासागर तक के रणनीतिक समुद्री इलाके पर नियंत्रण कर लिया है। ईरान की सरकारी मीडिया IRIB की रिपोर्ट के मुताबिक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान आर्मी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने यह दावा किया है।
उत्तरी हिंद महासागर को लेकर यह दावा ऐसे समय में किया गया है जब अमेरिका के साथ ईरान का समुद्री तनाव लगातार बढ़ रहा है और वाशिंगटन ने तेहरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है। जनरल अकरमिनिया ने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया है कि ईरानी नौसेना पूरी मुस्तैदी के साथ इस समुद्री क्षेत्र की निगरानी और उसकी सुरक्षा कर रही है। IRIB ने ये भी दावा किया है कि ईरानी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व से लेकर उत्तरी हिंद महासागर तक के पूरे इलाके को नियंत्रित करती है।
ईरान ने उत्तरी हिंद महासागर को कंट्रोल करने का दावा किया

ईरानी सैन्य अधिकारी ने कहा 'पहले थोपे गए युद्ध के 67 दिनों के भीतर ही ईरानी नौसेना ने बाथिस्ट (इराकी) नौसेना को इस कदर पछाड़ दिया था कि वह युद्ध के अंत तक कोई भी हरकत करने में असमर्थ रही। मौजूदा संघर्ष में भी ईरानी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व से लेकर उत्तरी हिंद महासागर तक के इलाकों को नियंत्रित करती है और वहां सुरक्षा बनाए रखती है।'
इससे पहले शुक्रवार को ईरान की सरकारी मीडिया IRIB को दिए एक इंटरव्यू में एडमिरल ईरानी ने कहा कि चल रहे युद्ध के दौरान नौसैनिक नाकेबंदी लागू करने का मतलब यही है कि वे (अमेरिका) यह संघर्ष पहले ही हार चुके हैं। ISNA के मुताबिक उन्होंने कहा 'नौसैनिक नाकेबंदी का कोई मतलब नहीं है। ऐसी नाकेबंदी तो युद्ध शुरू होने से पहले लगाई जाती है। अगर युद्ध के दौरान नाकेबंदी लगाई जा रही है तो इसका मतलब है कि वे युद्ध हार चुके हैं।'
उत्तरी हिंद महासागर पर कंट्रोल के क्या मायने हैं?

ईरान के सैन्य अधिकारियों ने फिर से धमकी दी है कि इस क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को उसके नियमों के मुताबिक चलना होगा। होर्मुज स्ट्रेट पहले से ही बंद रहा है और अब उत्तरी हिंद महासागर को अगर ईरान कंट्रोल करने का दावा कर रहा है तो इसका मतलब है कि इस इलाके से तेल और गैस की सप्लाई पर गहरा असर होगा।

भारत अपनी ऊर्जा आयात के लिए और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के लिए काफी हद तक इस रास्ते पर निर्भर है। ईरान इस क्षेत्र में चीन और रूस के साथ मिलकर 'मैरीटाइम सिक्योरिटी बेल्ट' जैसे संयुक्त नौसैनिक अभ्यास भी करता रहा है। इसीलिए उसे इस समुद्री हिस्से की काफी जानकारी है।


भारत को असहज करने वाला है उत्तरी हिंद महासागर पर कंट्रोल का दावा

ईरान का ये दावा भारत को असहज करने वाला है। भारत खुद को हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) का प्रमुख सुरक्षा प्रदाता मानता है। भारत लगातार इस क्षेत्र में गश्ती अभियान चलाता रहता है। भारत की नीति इस क्षेत्र में 'नेविगेशन की स्वतंत्रता' बनाए रखने की है। ऐसे में ईरान का इस क्षेत्र पर कंट्रोल का दावा भारत के लिए सामरिक, आर्थिक और कूटनीतिक तौर पर तनाव बढ़ाने वाला है। इसके अलावा अगर उत्तरी हिंद महासागर में कोई संघर्ष छिड़ता है तो इसका मतलब है कि घर के मुहाने तक युद्ध पहुंच चुका है।