नई दिल्ली: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रविवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की जिससे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के कुछ हफ्तों बाद उनके संभावित राजनीतिक डेब्यू को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। इस बैठक के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे हालांकि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
क्या बीजेपी में शामिल हुए मोहम्मद शमी?

पहले भी राजनेताओं से मिल चुके हैं शमी

ऐसा पहली बार नहीं है जब शमी की किसी राजनीतिक हस्ती से मुलाकात ने सुर्खियां बटोरी हों। इससे पहले सितंबर में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) प्रमुख जयंत चौधरी के साथ उनकी मुलाकात ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले कई कयासों को हवा दी थी हालांकि तब आरएलडी की ओर से स्पष्ट किया गया था कि शमी अमरोहा में खेल सुविधाओं के लिए फंड आवंटित करने पर जयंत चौधरी का आभार जताने पहुंचे थे।
2025 में खेला था टीम इंडिया के लिए आखिरी मुकाबला

36 वर्षीय शमी ने भारत के लिए पिछला मुकाबला 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जबकि 6 नवंबर को उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। शमी ने 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट चटकाए और अपना आखिरी टेस्ट 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेला था।

टेस्ट से पहले ही ले चुके हैं संन्यास

टेस्ट को अलविदा कहते समय शमी ने साफ किया था कि वह सफेद गेंद के फॉर्मेट यानी टी20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे में खेलना जारी रखेंगे। आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व कर रहे शमी की इस नई मुलाकात ने अब उनके अगले कदमों को लेकर क्रिकेट और सियासी गलियारों में उत्सुकता बढ़ा दी है।