तेल अवीव: इजरायल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के गादी आइजनकोट के साथ मिलकर यूनिटी सरकार बनाने की उम्मीदें खत्म हो गई है। यह फैसला बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइजेनकोट की बैठक में किया गया है। आइजनकोट ने साफ कर दिया है कि वह अपने पुराने सहयोगियों यानी विपक्षी पार्टियों के साथ सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा है कि सरकार बनने के बाद गाइडलाइन और सिद्धांतो के हिसाब से नेतन्याहू की लिकुड और उसके सहयोगी दलों का स्वागत किया जाएगा।
नेतन्याहू ने एक दिन पहले आइजनकोट के साथ मिलकर नई सरकार के गठन का ऑफर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह आइजेनकोट के बाद दूसरे नंबर के प्रधानमंत्री बनने को तैयार हैं। इसी के बाद आइजेनकोट नेतन्याहू के साथ बैठक को तैयार हुए थे। यह बैठक करीब दो घंटे चली है। अब इजरायली मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि यूनिटी गवर्नमेंट के गठन पर आगे कोई बातचीत नहीं होगी।
विपक्षी गठबंधन के साथ सरकार बनाएंगे आइजेनकोट
बैठक के बाद नेतन्याहू की लिकुड और आइजेनकोट के याशर पार्टी ने एक संयुक्त बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि नेतन्याहू और आइजेनकोट ने एक नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट बनाने पर एक अच्छे माहौल में चर्चा की, जिसमें दोनों पक्ष अपने बीच की बड़ी दूरियों को कम करने की कोशिश कर रहे थे। इजरायली मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि बैठक के दौरान आइजेनकोट ने नेतन्याहू से कहा कि वह अपने गठबंधन के साथियों के साथ सरकार गठन को लेकर प्रतिबद्ध हैं।
याशर और नफ्ताली बेनेट की पार्टी में बैठक
इस बीच याशर पार्टी ने बताया है कि नेतन्याहू-आइजेनकोट की बैठक के दौरान उनकी नफ्ताली बेनेट की बी'याचद पार्टी के साथ बातचीत चल रही थी। बी'याचद पार्टी ने भी याशर के साथ मिलकर नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में बी'याचद पार्टी को 12 सीटें मिली हैं। दावा किया जा रहा है कि इस बैठक में प्रस्तावित सरकार में बी'याचद पार्टी की भूमिका पर बड़ी सफलता मिली है। हालांकि, इसका औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है।
इजरायल में नए सरकार गठन पर रार
इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने शुरुआत में 8 नवंबर को अगले दो हफ्तों के अंदर सरकार बनाने का अधिकार दिया था। अब वह समयसीमा समाप्त हो गई है। हालांकि, राष्ट्रपति ने उन्हें 14 दिनों के लिए एक्सटेंशन का भी ऑफर दिया है। इस समयसीमा के खत्म होने के तुरंत पहले नेतन्याहू ने घोषणा की थी कि वह गादी आइजेनकोट के साथ यूनिटी सरकार के गठन और दूसरे प्रधानमंत्री के रूप में काम करने को तैयार हैं। इस पर गादी आइजेनकोट ने नेतन्याहू को एग्रीमेंट तक पहुंचने के लिए 24 घंटे का वक्त दिया था।