नई दिल्ली: लोकसभा में सोमवार को परिसीमन विधेयक 2.0 पेश किए जाने से पहले प्रधानमंत्री आवास पर हाई लेवल मीटिंग चल रही है। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद हैं।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब सरकार संसद में दो-तिहाई बहुमत होने का दावा कर रही है। वहीं दूसरी ओर कई विपक्षी दल इस बिल के खिलाफ वोटिंग की तैयारियां कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अगुवाई में विपक्षी गठबंधन इंडिया के कई नेता एमके स्टालिन को परिसीमन के मुद्दे पर मनाने के लिए उनके आवास पर उनसे मुलाकात कर रहे हैं। इस दल में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी समेत कई नेता शामिल हैं।

परिसीमन बिल पर चर्चा की संभावना

पीएम मोदी के आवास पर चल रही इस बैठक में परिसीमन विधेयक को लेकर आगे की रणनीति और संसद में इसे पेश किए जाने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, बैठक के एजेंडे और उसमें लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
एमके स्टालिन ने बिल पर किया सरकार का समर्थन

28 नवंबर को स्टालिन ने डीएमके सांसदों की बैठक बुलाई। इसके बाद उन्होंने ऐलान किया कि केंद्र सरकार ने उनकी दोनों प्रमुख मांगों को नए प्रस्ताव में शामिल कर लिया है। इसलिए डीएमके परिसीमन बिल का समर्थन करेगी। स्टालिन को परिसीमन बिल के खिलाफ वोटिंग के लिए मनाने के लिए विपक्षी दलों का एक प्रतिनिधिमंडल उनके मुलाकात के लिए पहुंचा है।
क्या है परिसीमन बिल 2.0?

परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना है। इसके तहत आबादी के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन और सीटों के आवंटन में बदलाव किया जाता है। इसका उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र में मतदाताओं के प्रतिनिधित्व में संतुलन बनाए रखना है।

2026 के नए प्रस्ताव में क्या है खास?

लोकसभा सीटें 50% बढ़ेंगी: सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।

लोकसभा की अधिकतम क्षमता 850: लोकसभा में अधिकतम 850 सीटें हो सकती हैं, जिनमें 815 राज्यों और 35 केंद्रशासित प्रदेशों के लिए होंगी।

विधानसभाओं का भी विस्तार: राज्यों की विधानसभा सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।

महिलाओं को 33% आरक्षण: लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का रास्ता तैयार होगा।

राज्यों का मौजूदा अनुपात सुरक्षित: प्रस्ताव के मुताबिक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आनुपातिक हिस्सा 2051 तक सुरक्षित रखा जाएगा।

पहले क्यों अटक गया था परिसीमन का मामला?

सरकार अप्रैल 2026 में भी परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक लेकर आई थी। हालांकि, संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था। विपक्ष ने विशेष रूप से दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर सवाल उठाए थे।

नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और उनके बीच मौजूदा अनुपात को 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रावधान जोड़ा गया है। इससे पहले के प्रस्ताव की तुलना में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है।