तेहरान: इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहेब्बी ने दावा किया है कि अमेरिका ईरान की मिसाइलों से डरा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण अमेरिका मध्य पूर्व को छोड़ हजारों किलोमीटर दूर केन्या और हॉर्न ऑफ अफ्रीका (अफ्रीका का पूर्वी क्षेत्र) में अपने मिलिट्री बेस बना रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरा मध्य पूर्व ईरान की मिसाइलों की रेंज में है। उन्होंने मध्य पूर्व में कई अमेरिकी सैन्य अड्डों को पहले ही नष्ट करने का दावा किया है। आईआरजीसी ब्रिगेडियर जनरल ने इसे अमेरिका की हार बताया है।
IRGC कमांडर ने क्यों किया ऐसा दावा?

आईआरजीसी प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहेब्बी का यह बयान तब आया है, जब अमेरिका केन्या के मांडा बे में पहले से स्थित अपने एक सैन्य अड्डे को अपग्रेड कर रहा है। इस अपग्रेडेशन में 7 करोड़ डॉलर की लागत से एयरबेस का विस्तार, नई सुविधाओं का निर्माण शामिल है, ताकि बड़े विमानों के संचालन और लॉजिस्टिक्स क्षमता को बढ़ाया जा सके। अमेरिका इस बेस का इस्तेमाल पहले से ही अफ्रीका में आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन के लिए करता है।
IRGC कमांडर के दावे में कितनी सच्चाई?

अमेरिका ने ईरान के आईआरजीसी कमांडर के मध्य पूर्व से सैन्य अड्डों को हटाने के दावे पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने मध्य पूर्व में ईरान के हमलों में अपने सैन्य अड्डों को हुए नुकसान की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं की है। हालांकि, अमेरिका ने अभी तक मध्य पूर्व में अपने सैन्य अड्डों से न तो सैनिकों की संख्या में भारी कटौती की है और ना ही वहां तैनात हथियारों, सैन्य विमानों और दूसरे उपकरणों को भारी पैमाने पर हटाया है। ऐसे में ईरान का दावा सिर्फ बयानबाजी ही लगता है।
अमेरिका केन्या और हॉर्न ऑफ अफ्रीका में अपने बेस बना रहा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि इलाके में मौजूद अमेरिकी ठिकाने ईरान की मिसाइलों की जद में आते हैं और इनमें से कुछ पहले ही नष्ट हो चुके हैं या काम नहीं कर रहे हैं।

ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहेब्बी, IRGC


ईरान ने किन अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले किए?

रिपोर्टों में यह दावा किया गया है कि ईरान ने मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य अड्डों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इसमें बहरीन में स्थित अमेरिकी सेना का सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का मुख्यालय यूएस नेवल सपोर्ट एक्टिविटी बेस भी शामिल है। इसके अलावा कतर का अल उदैद एयरबेस, यूएई का अल दाफरा एयरबेस, सऊदी अरब का प्रिंस सुल्तान एयरबेस, कुवैत का अली अल सलेम एयरबेस, जॉर्डन में मुवाफक साल्टी एयरबेस और जॉर्डन, ओमान, साइप्रस में स्थित सैन्य अड्डे भी शामिल हैं।