नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले में काइल जैमीसन के लगातार बाउंसरों ने आकाश दीप को खासा परेशान किया और एक ही ओवर में दो गेंदें उनके हेलमेट पर जा लगीं। इस तीखी नोकझोंक के बीच जैमीसन की जुबान से निकली बातें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।
5 विकेट लेने के बाद मचा बवाल

इस पूरे घटनाक्रम का संबंध पहली पारी से माना जा रहा है जहां आकाश दीप ने अपनी धारदार गेंदबाजी से पांच विकेट चटकाए और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को काफी मुश्किल में डाला था। जैमीसन के आक्रामक रवैये से साफ झलक रहा था कि कीवी टीम दूसरी पारी में इसका हिसाब चुकाने के इरादे से उतरी है।
काइल जैमीसन ने ऐसा क्यों बोल दिया?

मैदान पर हुई इस गरमागरम बहस के दौरान जैमीसन ने कहा, 'क्या? उसने हमें दिया। मुझे उसकी परवाह क्यों करनी चाहिए, यार? क्यों? वह हमें मार रहा था, हम वापस मार रहे हैं। हमने शुरुआत नहीं की लेकिन हम इसे खत्म जरूर करेंगे।'
क्रीज पर डटे रहे आकाश दीप

हेलमेट पर दो बार गेंद लगने के बावजूद आकाश दीप ने मैदान नहीं छोड़ा और ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर उपयोगी साझेदारी निभाते हुए 29 रन बनाए। बंगाल के इस तेज गेंदबाज की संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी से भारत 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रहा।

दो बार हेलमेट पर चोट खाने के बाद भी बल्लेबाजी जारी रखकर आकाश दीप ने दमदार जज्बा दिखाया लेकिन बाद में कनकशन के कारण वह शेष मैच से बाहर हो गए और प्रसिद्ध कृष्णा को उनकी जगह विकल्प खिलाड़ी के रूप में टीम में लाया गया। पहली पारी में पांच विकेट लेकर भारत के अहम गेंदबाज रहे आकाश दीप का बाहर जाना टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।