इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने कहा है कि वो 'मक्का डिफेंस पैक्ट' के तहत सऊदी अरब में अपने सैनिकों को भेजे हैं। उसने कहा है कि तय प्रतिबद्धताओं और रक्षा सहयोग के स्थापित ढांचे के तहत सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिक भेजे गये हैं। पाकिस्तान ने सऊदी अरब में उस वक्त सैनिक भेजे हैं जब हूती विद्रोहियों के हमले जारी हैं। पाकिस्तानी सेना की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि शनिवार को सऊदी अरब भेजे जाने वाले सैनिकों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया था।
बयान में कहा गया है कि इस दौरान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ, पाकिस्तान में सऊदी अरब के राजदूत राजेह तमी अल-बुगामी पाकिस्तान सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल उमर अहमद बुखारी और लाहौर कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद उमर बशीर मौजूद थे। पाकिस्तान ने सैनिकों की ये तैनाती इसी हफ्ते इस्लामाबाद में मक्का डिफेंस पैक्ट के तहत आयोजित एक बैठक के बाद की है।
पाकिस्तान ने सऊदी अरब में सैनिकों की तैनाती की
पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा है 'सैनिकों की यह तैनाती सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति पाकिस्तान की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी और भाईचारे के संबंधों पर आधारित है।' बयान में आगे कहा गया कि पाकिस्तान, सऊदी अरब की सुरक्षा और 'हरमैन शरीफैन' यानि मक्का और मदीना के दो पवित्र स्थलों की पवित्रता की रक्षा करने के अपने संकल्प पर पूरी तरह कायम है।
सेना ने बताया कि ये सैनिक सऊदी अरब के क्षेत्र में तय प्रतिबद्धताओं और रक्षा सहयोग के स्थापित ढांचे के तहत अपनी जिम्मेदारियों को निभाएंगे। बयान में कहा गया 'मौजूदा सुरक्षा चिंताओं के बीच यह तैनाती सऊदी अरब की रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करने में योगदान देगी।'
सऊदी अरब से बाहर नहीं जाएंगे पाकिस्तानी सैनिक
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ISPR ने कहा कि सैनिक सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और दो पवित्र मस्जिदों (हरमैन शरीफैन) की सुरक्षा के लिए सऊदी क्षेत्र में ही सख्ती से काम करेंगे। इसका मतलब है कि पाकिस्तानी सैनिकों को सऊदी अरब के बाहर नहीं भेजा जाएगा। ISPR ने साफ किया है कि सैनिकों की तैनाती सिर्फ रक्षात्मक प्रकृति है और उन्हें यमन में हूतियों से लड़ने नहीं भेजा जाएगा।