भारत का शेयर बाजार दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा सक्रिय और मजबूत पूंजी बाजार बनकर उभरा है। इसकी एक बड़ी वजह देश में विदेशी पूंजी के आने-जाने पर अपेक्षाकृत कम खुली व्यवस्था है। इससे विदेशी निवेशकों के पैसा निकालने पर भारतीय बाजार पर दूसरे देशों के मुकाबले कम असर पड़ता है। साथ ही घरेलू निवेशकों की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की रिपोर्ट 'ग्रीड एंड फियर' में यह बात कही गई है।
भारत का शेयर बाजार क्यों है अलग?
जेफरीज के मुताबिक भारत का पूंजी बाजार काफी हद तक घरेलू निवेशकों के दम पर विकसित हुआ है। देश में विदेशी निवेश पर कुछ पाबंदियां होने के कारण घरेलू बाजार को विदेशी पूंजी के अचानक बाहर जाने से सुरक्षा मिलती है। रिपोर्ट में भारतीय शेयर बाजार को अमेरिकी बाजार से ज्यादा संतुलित भी बताया गया है। इसके पीछे तीन बड़ी वजहें हैं।
भारत में निवेशकों का पैसा अलग-अलग कंपनियों और सेक्टरों में लगा है।
मिडकैप कंपनियों के शेयरों में अच्छी खरीद-बिक्री होती है।
यहां निवेश का बड़ा हिस्सा ऐसे फंडों में नहीं है जो बिना कंपनी का अलग-अलग विश्लेषण किए पूरे बाजार में पैसा लगाते हैं।
अमेरिका में बढ़ रहा पैसिव निवेश
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में पैसिव निवेश का चलन काफी ज्यादा है। इसमें निवेशक किसी खास कंपनी के शेयर चुनने के बजाय ऐसे फंड में पैसा लगाते हैं, जो किसी इंडेक्स के हिसाब से निवेश करता है। जेफरीज का मानना है कि इससे कई बार कंपनियों के कारोबार और शेयर की कीमत का सही आकलन किए बिना भी बड़ी मात्रा में पैसा बाजार में पहुंच जाता है। भारत में इस तरह के निवेश का हिस्सा अमेरिका के मुकाबले कम है। इसके अलावा भारतीय ट्रेडिंग ऐप में 'पेमेंट फॉर ऑर्डर फ्लो' की अनुमति नहीं है। इसमें ब्रोकर किसी दूसरे ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म या मार्केट मेकर से ऑर्डर भेजने के बदले भुगतान ले सकता है। यह भी भारतीय और अमेरिकी बाजारों के बीच एक अहम अंतर है।
अमेरिकी बाजार को लेकर चेतावनी
जेफरीज ने दुनिया भर के निवेशकों के अमेरिकी शेयरों में बढ़ते निवेश को लेकर चिंता जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक MSCI AC वर्ल्ड इंडेक्स में 24 दिसंबर 2024 तक अमेरिकी शेयर बाजार की हिस्सेदारी 67.2% थी। जेफरीज का मानना है कि यह स्तर अपने उच्चतम स्तर के करीब हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर अमेरिकी शेयरों की कीमतों में बड़ी गिरावट आती है, तो वहां निवेश करने वाले विदेशी निवेशकों को भारी नुकसान हो सकता है। ऐसे में अमेरिकी शेयरों में जरूरत से ज्यादा निवेश पूंजी के गलत इस्तेमाल का उदाहरण साबित हो सकता है।
अमेरिकी बॉन्ड से पैसा निकाल रहे विदेशी निवेशक
रिपोर्ट में अमेरिकी सरकारी बॉन्ड और शेयर बाजार में विदेशी निवेश के बीच अंतर भी बताया गया है। विदेशी केंद्रीय बैंक अमेरिकी सरकारी बॉन्ड में अपनी हिस्सेदारी घटा रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय निवेशक अमेरिकी शेयरों में पैसा लगा रहे हैं। जेफरीज के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिकी ट्रेजरी यानी सरकारी बॉन्ड में विदेशी सरकारी संस्थानों की हिस्सेदारी 2011 के अंत में 36.4% थी। यह सितंबर 2026 में घटकर 11.5% रह गई। दूसरी ओर, सितंबर 2026 तक के 12 महीनों में विदेशी निवेशकों ने अमेरिकी शेयरों में शुद्ध रूप से 945 अरब डॉलर लगाए।
अमेरिकी बाजार में गिरावट का क्या होगा असर?
जेफरीज ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी शेयर बाजार की कीमतों में बड़ी गिरावट आती है, तो इसका असर वहां के छोटे निवेशकों की संपत्ति पर पड़ सकता है। इससे उनकी खर्च करने की क्षमता घट सकती है और अमेरिकी अर्थव्यवस्था में महंगाई के बजाय कीमतों पर नीचे की ओर दबाव यानी डिफ्लेशन का जोखिम बढ़ सकता है। इसका असर अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति पर भी पड़ सकता है।