सोने की कीमतों में तेज गिरावट से गोल्ड लोन लेने वालों और कर्ज देने वाली कंपनियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सोना अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 30% टूट चुका है। इससे गोल्ड लोन के बदले गिरवी रखे सोने की कीमत घट गई है। ऐसे में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने करीब 23 लाख करोड़ रुपये के गोल्ड लोन बाजार की निगरानी बढ़ा दी है।
कंपनियों की जांच कर रहा केंद्रीय बैंक
आरबीआई के अधिकारी गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के लोन पोर्टफोलियो, कर्ज की गुणवत्ता और शुरुआती दबाव के संकेतों की जांच कर रहे हैं। रेगुलेटर यह भी देख रहा है कि कंपनियां गिरवी रखे सोने की कीमत के मुकाबले तय सीमा से ज्यादा कर्ज तो नहीं दे रही हैं। नियम के मुताबिक बैंक और NBFC गिरवी रखे सोने की कीमत का अधिकतम 85% तक कर्ज दे सकते हैं। लेकिन सोने की कीमत गिरने पर पुराने लोन के मुकाबले गिरवी रखे सोने की कीमत कम हो सकती है। इससे कंपनियों का जोखिम बढ़ जाता है।
5 साल में 5 गुना बढ़ा गोल्ड लोन बाजार
सोने की कीमतों में तेजी और लोगों की कर्ज लेने की बढ़ती जरूरत के कारण गोल्ड लोन बाजार तेजी से बढ़ा है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 5 साल में गोल्ड लोन बाजार करीब 5 गुना बढ़कर 23 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। इस बाजार का करीब 60% हिस्सा अभी भी अनौपचारिक क्षेत्र में है। वहीं, सितंबर तक गोल्ड लोन भारतीय बैंकों के कुल कर्ज का लगभग 2.5% था। इस वजह से फिलहाल पूरे बैंकिंग सिस्टम पर इसका बड़ा खतरा नहीं माना जा रहा है।
क्या गिरता सोना बढ़ा रहा परेशानी?
जब ग्राहक सोना गिरवी रखकर कर्ज लेता है, तो कंपनी सोने की कीमत के आधार पर लोन देती है। अगर बाद में सोने की कीमत गिर जाती है, तो गिरवी रखे सोने की कीमत कर्ज के मुकाबले कम हो सकती है। ऐसी स्थिति में कंपनियां ग्राहकों से अतिरिक्त सोना गिरवी रखने या कर्ज का कुछ हिस्सा चुकाने के लिए कह सकती हैं। अगर ग्राहक ऐसा नहीं कर पाता है, तो उसके लोन में डिफॉल्ट का जोखिम बढ़ जाता है। सोने की कीमतों में लगातार गिरावट रहने पर कंपनियों को नुकसान भी हो सकता है।
गोल्ड लोन में बढ़ रहे डिफॉल्ट
गोल्ड लोन कंपनियों के कर्ज की गुणवत्ता पर भी दबाव बढ़ रहा है। ट्रांसयूनियन सिबिल के मुताबिक, गोल्ड लोन का एनपीए यानी फंसे कर्ज का अनुपात 31 मार्च 2026 के 0.16% से बढ़कर अगस्त के अंत में 0.3% हो गया। इसका मतलब है कि गोल्ड लोन में डिफॉल्ट का अनुपात करीब दोगुना हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक से ज्यादा गोल्ड लोन खाते रखने वाले ग्राहक किस्त चुकाने में ज्यादा देरी कर रहे हैं।
आरबीआई की चेतावनी और नए नियम
आरबीआई ने NBFC कंपनियों के प्रमुखों के साथ बैठक में गोल्ड लोन कारोबार को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। रेगुलेटर ने कंपनियों से कहा कि वे तेजी से कारोबार बढ़ाने के बजाय लोन की गुणवत्ता और ग्राहकों की भुगतान क्षमता पर ज्यादा ध्यान दें। वहीं गोल्ड लोन के नियमों में बदलाव भी ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। अब एक साल से अधिक अवधि वाले गोल्ड लोन में ब्याज का भुगतान हर महीने करना जरूरी है। पहले कई ग्राहक लोन की अवधि खत्म होने पर एक साथ ब्याज और मूलधन चुकाते थे।