पीएम मोदी ने आज (रविवार को) एक बार फिर देशवासियों के साथ मन की बात की। इस बार कार्यक्रम का 140वां एपिसोड प्रसारित हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि मन की बात, समाज के हर वर्ग, देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है और इसमें हम समाज के सामने मौजूद चुनौतियों की बात करते हैं, लोगों को जागरूक भी करते हैं। आज 'मन की बात' में, मैं सबसे पहले ऐसा ही एक विषय उठा रहा हूं और वो है 'Drugs' यानी 'नशे की लत।' आज दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की कितनी चर्चा हो रही है। हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं, उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं, लेकिन युवाओं के इन सपनों के सामने Drugs, नशा एक बड़ी चुनौती बन गई है।

देश में नशे के खिलाफ बढ़ रही है समाज की सक्रियता

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि मुझे संतोष है कि आज देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता बढ़ रही है। 'नशा मुक्त युवा अभियान' भी जोरों पर चल रहा है। ऐसे कितने ही प्रेरक उदाहरण हमारे सामने आ रहे हैं जहां युवाओं ने अपनी इच्छा शक्ति से नशे की लत को हराया है, कठिन से कठिन परिस्थियों से लड़ाई लड़ करके बाहर निकले हैं। वे खुद से लड़े हैं और अपने जीवन को एक नई दिशा दी है।

PM मोदी ने बताई iGOT कर्मयोगी की खासियत

पीएम मोदी बोले कि जीवन में जब भी हम कुछ नया सीखते हैं, तो हमें एक अलग ही आनंद की अनुभूति होती है और सीखने की तो कोई उम्र भी नहीं होती। आज, मैं, आपसे देश के उन लाखों सरकारी कर्मचारियों की बात करना चाहता हूं, जिनमें कुछ नया सीखने का उत्साह देखने को मिल रहा है। इनमें से कई लोग 20-25 वर्षों से सरकारी सेवा में हैं। इतना लंबा अनुभव होने के बावजूद ये अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए कुछ नया सीखने के लिए भी समय निकाल रहे हैं, और इसके लिए वो, एक Digital Platform की मदद ले रहे हैं। इसका नाम है 'iGOT कर्मयोगी।'

iGOT कर्मयोगी पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं। लाखों सरकारी कर्मचारियों ने अनेकों कोर्स पूरे किए हैं। कोई Artificial Intelligence की पढ़ाई कर रहा है, तो कोई इंडियन साइन लैंग्वेज सीख रहा है। AI और नई तकनीक की पढ़ाई को लेकर हमारे कर्मयोगियों में, मैं, विशेष उत्साह देख रहा हूं। इससे जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स ऐसे हैं इनमें सवा 3 करोड़ से ज्यादा कोर्स कंप्लीशन हो चुके हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

खोया हुआ मोबाइल फोन वापस दिला रहा संचार साथी ऐप

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जरा सोचिए आपका मोबाइल फोन कहीं खो जाए तो कितनी परेशानी होती है। Mobile में आपके Contacts हैं, Photos हैं, जरूरी Documents हैं, और न जाने कितनी जरूरी जानकारियां भी हैं। एक बार फोन खो जाए, तो उसे वापस पाने की उम्मीद भी धीरे-धीरे कम होने लगती है लेकिन अब ऐसा नहीं है। आपका खोया हुआ मोबाइल फोन आपको वापिस मिल सकता है, और इसमें भारत सरकार का Digital Platform आपकी बहुत बड़ी मदद कर सकता है । उस Platform का नाम 'संचार साथी' है।

संचार साथी ऐप कैसे काम करता है?

उन्होंने आगे कहा कि सवाल है कि आखिर 'संचार साथी' ये काम करता कैसे है? दरअसल, हर मोबाइल फोन की अपनी एक खास पहचान होती है, इसे IMEI नंबर कहते हैं। 'संचार साथी' इसी पहचान की मदद से आपके खोए हुए मोबाइल को तलाशने में मदद करता है। आप पुलिस में शिकायत करने के साथ ही 'संचार साथी' पर अपने मोबाइल का IMEI नंबर और कुछ जरूरी जानकारियां देकर उसे ब्लॉक करा सकते हैं। इसके बाद कोई व्यक्ति उसमें नया SIM डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।