डिलिमिटेशन बिल को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेता अब डीएमके को मनाने के लिए चेन्नई में डेरा डाल चुके हैं। मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी डीएमके चीफ एमके स्टालिन से मुलाकात कर रहे हैं। इस बीच जैसे ही कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल एमके स्टालिन के घर पहुंचा वहां मौजूद डीएमके समर्थकों ने कांग्रेस गो बैक के नारे लगाए। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से डिलिमिटेशन बिल पार्टी के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह कर रहा है।
इस बीच डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक पर अपना रुख और डीएमके सांसदों की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी रविवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को दे दी है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन आज चेन्नई में INDIA गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह अंतिम फैसला लेंगे और हम अपनी पार्टी का निर्णय बताएंगे।"
स्टालिन के फैसले पर टिकी निगाहें
कनिमोझी के बयान से यह स्पष्ट है कि डिलिमिटेशन बिल पर डीएमके का अगला कदम स्टालिन और INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ बातचीत के बाद तय होगा। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल स्टालिन से केंद्र सरकार के विधेयक का समर्थन करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील कर रहा है।
चेन्नई पहुंचे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में
मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार, केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी भी शामिल हैं।
DMK ने शनिवार को किया था विधेयक का समर्थन
उल्लेखनीय है कि 22 लोकसभा और आठ राज्यसभा सदस्यों वाली डीएमके ने शनिवार को केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने ऐलान किया था। एमके स्टालिन ने कहा था कि डिलिमिटेशन बिल में उनकी पार्टी की दो प्रमुख मांगें शामिल हैं। इनमें लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी बरकरार रखना और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसद में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखना शामिल है।
राहुल गांधी ने विधेयक का विरोध करने की अपील की
इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि वह इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे डिलिमिटेशन से जुड़े संविधान संशोधन बिल का विरोध करने का औपचारिक अनुरोध करेंगे। राहुल ने लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इससे बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक फायदे के लिए चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने की छूट मिलेगी।