संसद में सोमवार को परिसीमन विधेयक पेश किए जाने पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बड़ी तैयारी है। अलग-अलग राज्यों के सांसदों की बैठक बुलाई है। राज्यों से जुड़े केंद्रीय मंत्रियों के आवास पर शाम 17:30 बजे से डिनर के साथ बैठक होगी। बैठक में बिल को लेकर जानकारी दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आवास पर होगी, जबकि उत्तर प्रदेश के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के आवास पर होगी। पश्चिम बंगाल के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के यहां आयोजित की जाएगी। वहीं, नॉर्थ ईस्ट के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के आवास पर होगी।
इसके अलावा,राजस्थान के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के आवास पर होगी। आंध्र प्रदेश के सांसद केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू के आवास पर जुटेंगे। इन बैठकों में परिसीमन विधेयक के प्रावधानों और संसद में इसे पेश किए जाने को लेकर सांसदों को जानकारी दी जाएगी।
पीएम आवास पर उच्चस्तरीय बैठक
वहीं, सोमवार को लोकसभा में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने से पहले प्रधानमंत्री आवास पर भी उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में परिसीमन विधेयक को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। संसद में विधेयक पेश होने से पहले बीजेपी की ओर से संगठन और संसदीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
बता दें कि केंद्र मोदी सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों का पैकेज पेश करने जा रही है, जिसमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 और संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक 2026 शामिल हैं। इस विधायी पहल का मुख्य उद्देश्य जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व बढ़ाना और 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना है, क्योंकि 2027 की जनगणना के बाद परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने में समय लग सकता है। मसौदे के तहत लोकसभा की अधिकतम सीट सीमा को 550 से बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा को 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव है।