नई दिल्‍ली: नवंबर में भारत की कच्चे तेल (क्रूड) की खरीद में रूस का दबदबा घटा है। इराक और सऊदी अरब से सप्‍लाई बढ़ी है। डीपवाटर और अल्ट्रा-डीपवाटर ब्लॉकों की नीलामी के लिए नियमों में बड़े बदलाव हुए हैं। इसने एनर्जी सेक्‍टर की तस्वीर बदल दी है। एक ओर ऊंचे फ्रेट और घटती छूट के चलते रिफाइनरियां वैकल्पिक स्रोतों का रुख कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ सरकार ने विदेशी निवेश और अपतटीय खोज (ऑफशोर एक्‍सप्‍लोरेशन) को रफ्तार देने के लिए रेवेन्यू-शेयर बोली हटाने सहित कई रियायतें दी हैं।
भारत की खरीद में घटा रूसी दबदबा


नवंबर में भारत के रूसी कच्चे तेल के आयात में गिरावट आई है। केप्‍लर के आंकड़ों के मुताबिक, यह जुलाई के करीब 28 लाख बैरल प्रतिदिन के शिखर से घटकर करीब 16.5 लाख बैरल प्रतिदिन (कुछ अनुमानों में 17.5 लाख बैरल प्रतिदिन) पर आ गया।

वहीं, इराक और सऊदी अरब जैसे खाड़ी देशों से सप्‍लाई में बेहतरी दिखी है। इराक नवंबर में पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद पहली बार भारत का दूसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल सप्‍लायर बना। उसकी खेप अक्टूबर के 4.2 लाख बैरल प्रतिदिन से बढ़कर 8.2 लाख बैरल प्रतिदिन रही। सऊदी अरब की सप्‍लाई 7.3 लाख बैरल रोजाना और यूएई की 5 लाख बैरल प्रतिदिन रही।
ऊंची फ्रेट लागत, घटती रूसी छूट और ब्लैक सी और होर्मुज स्‍ट्रेट के आसपास के जोखिमों के बीच रिफाइनरियां डिलीवर्ड कॉस्ट के आधार पर खरीद संतुलित कर रही हैं। वैसे ब्राजील और वेनेजुएला से भी सप्‍लाई जारी है।


रिफाइनरियों की स्ट्रैटेजी में दिख रहा फर्क


अलग-अलग रिफाइनरियों की स्‍ट्रैटेजी में साफ फर्क दिख रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) ने अपनी रूसी खरीद सितंबर के करीब 364 केबीडी से बढ़ाकर नवंबर में करीब 500 केबीडी कर ली।

नायरा एनर्जी की वडीनार रिफाइनरी में रूसी खेप नवंबर में करीब 4,07,000 बीपीडी रही। वहीं आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल खाड़ी और अन्य अंतरराष्ट्रीय ग्रेड्स के साथ बैलेंस बना रहे हैं।
केप्‍लर के मुताबिक, रूस फिलहाल भारत का सबसे बड़ा सिंगल सप्‍लायर बना हुआ है। दिसंबर में रूसी आयात 15-17 लाख बैरल प्रतिदिन के आसपास रह सकता है। लेकिन, उसका दबदबा अब छूट, मालभाड़े और प्रतिबंधों के हिसाब से तय होगा।


सरकार ने नियमों में किया बदलाव


तेल आयात में इस रीबैलेंस के समानांतर सरकार ने 18 डीपवाटर और अल्ट्रा-डीपवाटर ऑयल और गैस ब्लॉकों के लिए बोली नियमों में बड़ा बदलाव किया है। बोली जमा करने की आखिरी तारीख 7 दिन बढ़ाकर 17 दिसंबर कर दी है।

हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय की ओर से 26 नवंबर को जारी संशोधित नियमों के तहत उत्पादक कैटेगरी-I बेसिनों के डीपवाटर और अल्ट्रा-डीपवाटर ब्लॉकों में रेवेन्यू-शेयर बोली खत्म कर दी गई है।

अब मूल्यांकन मुख्य रूप से सीस्मिक सर्वे सहित एक्सप्लोरेशन वर्क प्रोग्राम के 100 अंकों के आधार पर होगा।


विदेशी कंपनियों के लिए खुले दरवाजे


विदेशी कंपनियों की एंट्री आसान बनाने के तहत अगर ओएनजीसी या ऑयल इंडिया ऑपरेटर के रूप में 100 फीसदी नेटवर्थ पात्रता पूरी करते हैं तो कम से कम 10 अरब डॉलर नेटवर्थ वाली विदेशी कंपनियों को अलग से वित्तीय पात्रता साबित करने की छूट मिलेगी।

वे बिना पूर्व सरकारी मंजूरी के अपनी हिस्सेदारी भारतीय सरकारी कंपनी को ट्रांसफर कर सकेंगी। यह कदम समुद्र मंथन कार्यक्रम के तहत अपतटीय खोज को तेज करने की व्यापक स्‍ट्रैटेजी का हिस्सा है। इससे भारत अपनी 88 फीसदी से ज्‍यादा आयात निर्भरता के बीच सप्‍लाई और इंवेस्‍टमेंट दोनों मोर्चों पर लचीलापन बढ़ा सकेगा।